चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है. टूर्नामेंट 19 फरवरी से पाकिस्तान में शुरू होगा, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. इसी बीच आईसीसी ने शुक्रवार को चैंपियंस ट्रॉफी का आधिकारिक थीम सॉन्ग रिलीज कर दिया है
यह खास सॉन्ग पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने गाया है. मशहूर गायक आतिफ असलम ने इसे अपनी दमदार आवाज से शानदार बना दिया है. इस गाने में टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी आठ टीमों के फैंस और उनके झंडे नजर आ रहे हैं. इतना ही नहीं, खुद आतिफ असलम भी इस वीडियो में दिखाई दे रहे हैं

आतिफ असलम संगीत जगत का बड़ा नाम हैं और वह बॉलीवुड में भी अपनी सुरीली आवाज का जादू चला चुके हैं. उन्होंने 2005 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था और उसके बाद कई हिट गाने दिए.
दिलचस्प बात यह है कि संगीत की दुनिया में नाम कमाने वाले आतिफ कभी क्रिकेटर भी बनना चाहते थे. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह तेज गेंदबाज थे और पाकिस्तान की अंडर-19 टीम में भी चुने गए थे. हालांकि, उनके माता-पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर बनें, इसलिए उनका क्रिकेट करियर आगे नहीं बढ़ सका.
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच 19 फरवरी को कराची में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. इसके अगले दिन, 20 फरवरी को भारत अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा.भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 23 फरवरी को होगा, जो दुबई में खेला जाएगा.

